निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर न बरती जाए लापरवाही
शिमला -: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाउस की सुरक्षा और निगरानी से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंध, अग्निशमन उपकरणों तथा प्रवेश और निकास से संबंधित रजिस्टर की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।अनुपम कश्यप ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा के लिए निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है।उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए। साथ ही वेयरहाउस की नियमित निगरानी और सभी सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
