मनुस्मृति फाड़ने को अनुराग ठाकुर ने बताया हिंदू धर्म के अपमान की राजनीति, सुक्खू पर भी बोला हमला
ऊना,राकेश-:ऊना में दिशा की बैठक के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने मनुस्मृति की प्रतीकात्मक पुस्तकों को फाड़ने और जलाने की घटनाओं को लेकर कांग्रेस पर हिंदू धर्म को अपमानित करने और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से हिंदू समाज को जाति के आधार पर बांटने का प्रयास करती रही है। उन्होंने दावा किया कि अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है और कांग्रेस की कथित नकारात्मक राजनीति को समझ रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के झांसे में आने वाली नहीं है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने उन्हें “रील का नेता” करार दिया और कहा कि वह वास्तविक नेता नहीं हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भाजपा नेताओं और विधायकों के संपर्क में होने के दावे पर भी अनुराग ठाकुर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता नहीं, बल्कि कांग्रेस के अपने नेता और विधायक ही मुख्यमंत्री से दूर होते जा रहे हैं। उनका दावा है कि मुख्यमंत्री का अपने ही विधायकों और नेताओं से संपर्क टूट रहा है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता सरकार से परेशान हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने रोजगार, मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये देने के वादे को पूरा नहीं किए जाने का आरोप लगाया और कहा कि इन्हीं मुद्दों के चलते सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है।नेपाल त्रासदी में फंसे ऊना निवासी सुखविंदर सिंह के मामले में अनुराग ठाकुर ने बताया कि उन्होंने सोमवार को दिल्ली में उनके परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय गृह सचिव से बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल सरकार के लगातार संपर्क में है और दोनों देशों के सहयोग से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयास जारी हैं।

