चिंतपूर्णी,विकास-:भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश सचिव मलकीत सिंह ने चिंतपूर्णी से कांग्रेस विधायक सुदर्शन सिंह ‘बबलू’ पर भ्रष्टाचार, कथित सरकारी धन के दुरुपयोग, परिवारवाद और पद के प्रभाव के इस्तेमाल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा।मलकीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत हलफनामे में स्वयं और अपनी पत्नी पर कर्ज होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बबलू ने जनता के बीच खुद को नेता के बजाय “बेटा और सेवक” के रूप में प्रस्तुत कर समर्थन मांगा था।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विधायक बनने के कुछ ही वर्षों में विधायक और उनके परिवार के रहन-सहन तथा वाहनों में कथित तौर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी कम अवधि में संपत्ति और जीवनशैली में आए बदलाव का स्रोत क्या है।मलकीत सिंह ने आरोप लगाया कि जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से विधायक के निजी आवास के सौंदर्यीकरण में कथित तौर पर सरकारी धन का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच करवाने की मांग भी उठाई।उन्होंने विधायक के परिवार के सदस्यों की सार्वजनिक एवं सरकारी कार्यक्रमों में कथित सक्रियता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने विधानसभा चुनाव में सुदर्शन सिंह बबलू को अपना प्रतिनिधि चुना है, उनके परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं।भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक बनने के बाद उनके परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर ठेकेदारी के लाइसेंस बनाए गए और विभिन्न विभागों में उन्हें टेंडर दिए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मलकीत सिंह ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर नियमों के अनुसार कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति के दबाव में आने के बजाय निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए. मलकीत सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रदेश में मुख्यमंत्री की सरकार को भाजपा द्वारा “मित्रों की सरकार” कहा जाता है, उसी तरह चिंतपूर्णी में विधायक सुदर्शन सिंह बबलू पर “परिवार की सरकार” चलाने के आरोप लग रहे हैं।

