शिमला-: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को मालरोड शिमला स्थित ‘सहकार सदन’ के नवीनीकरण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार ने भवन के नवीनीकरण का कार्य 15 जून, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीनीकरण के बाद सहकार सदन को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा और भवन की प्रत्येक मंजिल को आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुरानी इमारत का कायाकल्प कर इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे यहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
परियोजना के तहत मेजनाइन फ्लोर पर आधुनिक वर्कस्टेशन तथा केबिन पार्टीशन विकसित किए जाएंगे। ग्राउंड फ्लोर पर नया रिसेप्शन, वर्कस्टेशन और आधुनिक स्क्रीनिंग क्षेत्र तैयार होगा। बेसमेंट-1 में कॉन्फ्रेंस हॉल और वर्कस्टेशन बनाए जाएंगे, जबकि बेसमेंट-2 में बच्चों के लिए विशेष क्रैच सुविधा विकसित की जाएगी। बेसमेंट-3 में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ व्यवस्थित स्टोरेज एलिवेशन का निर्माण किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। बैंक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधुनिक, विश्वसनीय एवं बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बैंक की पुरानी शाखाओं और भवनों का चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सहकार क्षेत्र को मजबूत करने के लिए संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना आवश्यक है। सहकार सदन का नवीनीकरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक संजय अवस्थी व राम कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवन्त छाजटा, बैंक निदेशक संजय शर्मा व हरी कृष्ण हिमराल, प्रबन्ध निदेशक विनय सिंह तथा महाप्रबन्धक जीत राम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
