बिलासपुर, सुभाष -: नेपाल के पोखरा में आयोजित हैंडबॉल सीरीज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश लौटे खिलाड़ियों का बिलासपुर पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।उपायुक्त राहुल कुमार ने खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के दम पर हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ बिलासपुर जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपनी मेहनत और अभ्यास को लगातार जारी रखें तथा आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करें।राहुल कुमार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है और उचित मार्गदर्शन एवं अवसर मिलने पर युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।इस अवसर पर टीम के कोच मनोज कुमार ने प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी साझा की और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बारे में बताया। खिलाड़ियों के सम्मान से खेल जगत से जुड़े लोगों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
