शिमला-:स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने हिमाचल प्रदेश सरकार से TGT Arts भर्ती प्रक्रिया में चयनित 414 अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति देने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति में हो रही देरी से अभ्यर्थियों में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।SFI के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर और राज्य सचिव सनी सेकटा ने कहा कि TGT Arts के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जनवरी 2026 में शुरू की गई थी और इसमें 414 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसके बावजूद चयनित उम्मीदवारों को अभी तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। उन्होंने सरकार से नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
SFI नेताओं के अनुसार प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने में देरी से एक ओर युवाओं को रोजगार के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है।SFI राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि युवा लंबे समय तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और भर्ती प्रक्रिया में सफलता हासिल करने के बाद उन्हें नियुक्ति का इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार को चयनित अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियुक्ति से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करनी चाहिए।राज्य सचिव सनी सेकटा ने कहा कि सरकार को सरकारी स्कूलों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरना चाहिए। उन्होंने मांग की कि TGT Arts के सभी 414 चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं और अन्य रिक्त पदों को भी समयबद्ध तरीके से भरा जाए।

