हमीरपुर, अरविंद-:हमीरपुर को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। जिले में उत्तर भारत का पहला पूर्णतः स्वतंत्र एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज स्थापित किया गया है, जिसमें इसी वर्ष पहला शैक्षणिक सत्र शुरू होने की उम्मीद है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए इसे हमीरपुर और पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के चलते हमीरपुर में स्थापित यह संस्थान युवाओं को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देगा। कॉलेज में शुरुआती चरण में चार स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
इनमें बैचलर ऑफ रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी और बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी में 60-60 सीटें, जबकि बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस तरह प्रत्येक वर्ष कुल 210 विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा।उन्होंने बताया कि कॉलेज के सुचारु संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए 16 नए फैकल्टी पद सृजित किए गए हैं। इनमें प्रधानाचार्य, सहायक प्राध्यापकों और ट्यूटर्स सहित अन्य पद शामिल हैं। इसके अलावा संस्थान में आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए 7 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।डॉ. वर्मा ने कहा कि एलाइड हेल्थकेयर आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस संस्थान के शुरू होने से हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ उत्तर भारत के युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञ प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हमीरपुर एलाइड एंड हेल्थकेयर शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कॉलेज एक स्वतंत्र संस्थान के रूप में कार्य करेगा और यहां विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यावहारिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जाएगा।
वहीं, मेडिकल कॉलेज को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से श्रेय लेने के सवाल पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कई बार इस संबंध में दस्तावेज सार्वजनिक कर चुके हैं और यह स्पष्ट किया है कि संस्थान को किस स्तर पर स्वीकृति मिली थी। उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि यदि कोई यह दावा करे कि एम्स भी उसके प्रयासों से आया है, तो क्या उसका श्रेय भी उसे दे दिया जाना चाहिए।डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध करवाना है। हमीरपुर में शुरू होने जा रहा एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

