नगरोटा बगवां। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनके पूरा होने से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ हजारों लोगों को बेहतर पेयजल आपूर्ति और पांच पंचायतों में सीवरेज सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
बलधर और सिंहुंड में 6.35 करोड़ रुपये की लागत से बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक तथा सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद करीब 135 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों को लाभ होगा।
उपमुख्यमंत्री ने पठियार में 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मस्सल पेयजल योजना का लोकार्पण भी किया। एनडीबी के तहत निर्मित इस योजना से अंबाड़ी, चाड़ी, लाखामंडल, मंजीती उपरली, मलां, मस्सल, मुहालखड़ और पठियार की आठ पंचायतों के 40 गांवों में रहने वाली 20 हजार से अधिक आबादी को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी।
कीरचंबा में ग्राम पंचायत ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ के लिए 76 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना का शिलान्यास किया गया। योजना के पूरा होने से इन पांच पंचायतों में मल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और स्वच्छता सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
बड़ोह में एडीबी के तहत पुरानी पेयजल योजनाओं मालनू, नेरा ठम्बा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया गया। इसके अलावा नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपमुख्यमंत्री ने खुद इलेक्ट्रिक बस में नगरोटा बगवां से बड़ोह तक सफर किया।
बलधर, सिंहुंड, पठियार, कीरचंबा, नगरोटा बगवां और बड़ोह में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही है।
नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया।

