बिलासपुर, सुभाष- :विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर के समीप कौलां बाला टोबा से ऊपर रविवार सुबह पंजाब रोडवेज की बस और श्रद्धालुओं की कार के बीच टक्कर हो गई।हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस श्री नैना देवी से आनंदपुर साहिब की ओर जा रही थी, जबकि श्रद्धालुओं से भरी कार मंदिर की ओर आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर से कार को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि बस में सवार यात्रियों के भी सुरक्षित होने की जानकारी है।हादसे के बाद मौके पर बस चालक और कार चालक के बीच दुर्घटना के कारण को लेकर बहस भी हुई। दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी बात रखी गई।फिलहाल दुर्घटना किसकी गलती से हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर सुबह के समय वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। गनीमत रही कि हादसा गंभीर रूप नहीं ले पाया और सभी लोग सुरक्षित रहे।

