बिलासपुर, सुभाष-: पद्मश्री प्रोफेसर डॉ. विश्व मूर्ति शास्त्री जम्मू ने प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और मंत्रोच्चारण के साथ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर स्थित प्राचीन हवन कुंड में श्रद्धापूर्वक आहुतियां भी डालीं।
दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रो. विश्व मूर्ति शास्त्री ने कहा कि श्री नैना देवी मंदिर की धार्मिक मान्यताओं और यहां से जुड़ी आध्यात्मिक परंपराओं के बारे में उन्होंने काफी कुछ सुना था। मंदिर पहुंचकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।उन्होंने प्राचीन हवन कुंड का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की परंपरा और धार्मिक आस्था श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने बताया कि हवन के बाद भभूति को बाहर निकालने की आवश्यकता नहीं पड़ती और राख कुंड के भीतर ही समाहित हो जाती है, जिसे श्रद्धालु आस्था और चमत्कार से जोड़कर देखते हैं।प्रो. शास्त्री ने श्रद्धालुओं से माता रानी के दरबार में पहुंचकर प्राचीन हवन कुंड में हवन करने और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने मां नैना देवी से सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

