सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ पर जयराम ठाकुर ने वीर जवानों को किया नमन, युवाओं से विकसित भारत में योगदान की अपील
शिमला-: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को शिमला के रामनगर, फागली वार्ड-12 में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 138वां संस्करण सुना।कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘मन की बात’ ने देश के आम नागरिकों की उपलब्धियों, नवाचारों और सामाजिक सरोकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य किया है। उनके अनुसार, इस कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय सेना के वीर जवानों के साहस और पराक्रम को नमन किया। साथ ही उन्होंने युवाओं, विशेषकर जेन-जी, से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पोषण, स्वच्छता और डिजिटल आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया। गांधी जयंती के मद्देनजर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को गति देने तथा आगामी त्योहारी सीजन में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया गया।उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों और प्रेरक पहलों को समाज के सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन गया है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिमला जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान, शिमला शहरी के पूर्व भाजपा प्रत्याशी संजय सूद सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

