शिमला, संजू-: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान लिए गए निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिमाचल कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। शिमला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।ज्ञापन में कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के कामकाज और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यकाल में लिए गए कुछ निर्णयों पर आपत्तियां जताई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि पिछले करीब 10 महीनों के दौरान दो निर्वाचन आयुक्तों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कुछ निर्णयों को लेकर विभिन्न अवसरों पर औपचारिक आपत्तियां दर्ज की थीं।
कांग्रेस ने विशेष रूप से मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण से जुड़े फैसलों पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है।ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की कानून के अनुसार जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस ने जांच पूरी होने तक संबंधित निर्णयों और प्रक्रियाओं की स्वतंत्र समीक्षा किए जाने की भी मांग रखी है। इसके अलावा पार्टी ने उन्हें पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए प्रमुख निर्णयों की व्यापक समीक्षा की मांग की।कांग्रेस ने मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की निष्पक्ष जांच के साथ निर्वाचन आयोग के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। पार्टी ने एसआईआर और आईटी प्रणाली के केंद्रीकरण से जुड़े निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा पर जोर दिया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन मांगों को लेकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।
