शिमला-:जिला शिमला में बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को सहायता, संरक्षण, उपचार और पुनर्वास उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 7 से 9 अक्तूबर, 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने दी।उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशों के तहत आयोजित किए जा रहे इस अभियान के दौरान ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं और जिन्हें तत्काल देखभाल, चिकित्सकीय उपचार, संरक्षण अथवा पुनर्वास की आवश्यकता है।
अभियान के दौरान आमजन और संबंधित हितधारकों को भी जागरूक किया जाएगा। पहचान किए गए व्यक्तियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी स्थिति के अनुसार संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उचित संस्थानों में दाखिल करवाने की कार्रवाई की जाएगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई बेघर एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देकर उसे आवश्यक सहायता दिलाने में सहयोग करें।अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 01786-223605 पर संपर्क किया जा सकता है।

