चार साल में जनता नहीं, मित्र मंडली को खुश करने में लगी सुक्खू सरकार: भाजपा पूर्व विधायक
ऊना/राकेश -: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के दोनों मंडलों की संयुक्त बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में आम जनता लगातार परेशान हो रही है, जबकि सरकार अपने करीबी लोगों और मित्र मंडली को खुश करने में लगी हुई है।दविंदर भुट्टो ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास बुजुर्गों और दिव्यांगों को समय पर पेंशन देने के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री की मित्र मंडली के विदेशी दौरों पर सरकारी खजाने का पैसा खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले आम जनता की मूलभूत जरूरतों और कल्याणकारी योजनाओं पर ध्यान देना चाहिए।
भाजपा नेता ने विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस द्वारा जनता से किए गए दस गारंटियों के वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक इन गारंटियों का स्पष्ट हिसाब जनता के सामने नहीं रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीपीएल परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी भी धरातल पर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि महिलाओं को 1500 रुपये कब दिए जाएंगे और चुनावी वादों का जवाब जनता को कौन देगा।भुट्टो ने कुटलैहड़ क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर भी प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक को घेरा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और हालात इतने खराब हैं कि सड़कों के गड्ढों में मिट्टी डालने तक के लिए बजट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है।पूर्व विधायक ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की भूमिका केवल चालान काटने तक सीमित रह गई है, जबकि आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे है। उन्होंने प्रदेश सरकार से कानून-व्यवस्था मजबूत करने और कुटलैहड़ की जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने की मांग की।

