बिलासपुर, सुभाष-: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाएगी और आम जनता को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी।रामलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों और विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के बीच लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जनता को वस्तुस्थिति से अवगत कराना और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनसंवाद करना है।
पूर्व मंत्री ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को लेकर देश में जो परिस्थितियां बन रही हैं, वे चिंताजनक हैं। इन विषयों पर जनता के बीच खुलकर चर्चा होनी चाहिए।पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई का विरोध किया। रामलाल ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने के बजाय उसे सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर जनता के बीच जाएगी और अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक कांग्रेस का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
