15.50 लाख से अधिक सदस्य सेवा, सुशासन और विकसित हिमाचल का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे
शिमला-: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के शासकीय नेतृत्व के उपलक्ष्य में ‘25 वर्ष सेवा, सुशासन और समर्पण के—राष्ट्र प्रथम से विकसित भारत तक’ शीर्षक से प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 25 वर्षों के शासकीय नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम, गरीब कल्याण और सुशासन को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को एम्स बिलासपुर, अटल टनल रोहतांग, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे परियोजनाओं के रूप में विकास की महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन, औद्योगिक विकास और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हिमाचल की संस्कृति और देव परंपराओं के प्रति विशेष लगाव रहा है। महिला सशक्तीकरण, युवा विकास, किसान कल्याण, सैनिकों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की हैं।उन्होंने बताया कि भाजपा हिमाचल ने सदस्यता अभियान-2024 के दौरान 15.50 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाए। पार्टी कार्यकर्ता गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को विकसित हिमाचल के माध्यम से साकार करने में योगदान देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सकारात्मक सहयोग करेगी और जनहित से समझौता होने पर लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाएगी।
