चिंतपूर्णी । भरवाईं चौक से आगे ज्वालाजी रोड पर एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। यहां एक तीखे मोड़ पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और इनोवा गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।जानकारी के अनुसार, HRTC की बस मुबारिकपुर की ओर जा रही थी, जबकि इनोवा गाड़ी ज्वालाजी की तरफ बढ़ रही थी। इसी दौरान सड़क के तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात कराया बहाल
हादसे के बाद ज्वालाजी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस से किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे, सड़क चौड़ी करने की उठी मांग
इस स्थान पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में सड़क हादसे में सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार धीमान की मौत हो गई थी। इससे पहले यहां एक प्रवासी व्यक्ति की भी सड़क दुर्घटना में जान जा चुकी है।लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से इस तीखे मोड़ को चौड़ा करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए सड़क का विस्तार करना जरूरी हो गया है।
चेतावनी बोर्ड और गति नियंत्रण के उपाय लगाने की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वर्ष पहले तत्कालीन एडीसी राजेश मारिया और एसडीएम सुनील वर्मा ने भी इस स्थान का निरीक्षण किया था। उस समय मोड़ को कुछ हद तक खुला करवाया गया था, लेकिन वर्तमान में बढ़ते यातायात को देखते हुए इसे और चौड़ा करने की जरूरत है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं की आशंका वाले इस स्थान पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और गति नियंत्रित करने के लिए जरूरी उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

