नूरपुर, संजीव महाजन-:क्षेत्र में नशे के बढ़ते खतरे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन का 60 दिवसीय ‘चिट्टा मुक्त नूरपुर, नशा मुक्त नूरपुर’ अभियान लगातार नए पड़ाव पार कर रहा है। फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब सिम्बली पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही यह मुहिम नूरपुर की 32 पंचायतों तक पहुंच चुकी है।
अभियान के दौरान फाउंडेशन की टीम ने सिम्बली पंचायत में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क किया और उन्हें चिट्टे सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने, बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने और उन्हें शिक्षा, खेलकूद तथा रचनात्मक कार्यों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में पंचायत प्रधान सतपाल सिंह, बीडीसी चेयरमैन रक्षा देवी और स्थानीय निवासी नसीब सिंह सहित कई ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने और अपने क्षेत्र में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने कहा कि अभियान का 32 पंचायतों तक पहुंचना समाज के सहयोग और बढ़ती जनभागीदारी का सकारात्मक संकेत है। नशे के खिलाफ लड़ाई तभी सफल हो सकती है, जब समाज का हर वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आए। पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, युवाओं और महिलाओं की सामूहिक भागीदारी से ही इस बुराई को जड़ से खत्म करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास केवल लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाना नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देकर उनके बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना भी है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने के लिए पंचायत प्रधान सतपाल सिंह, बीडीसी चेयरमैन रक्षा देवी, नसीब सिंह और समस्त सिम्बलीवासियों का आभार जताया।
वहीं, पंचायत प्रधान सतपाल सिंह ने कहा कि आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन की यह पहल सराहनीय है। संस्था के सदस्य पंचायत में घर-घर जाकर लोगों और स्कूल के बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं। इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।स्थानीय निवासी नसीब सिंह ने भी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नशे और उसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना समय की जरूरत है। संस्था की टीम घर-घर जाकर लोगों तक संदेश पहुंचा रही है और स्थानीय लोग भी इस मुहिम में पूरा सहयोग दे रहे हैं।आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि 60 दिवसीय अभियान के तहत नूरपुर की सभी पंचायतों तक पहुंचकर लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जाएगा। संस्था का लक्ष्य सामूहिक जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज का निर्माण करना और युवा पीढ़ी को सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
l
