बिलासपुर/सुभाष-:युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नारे लगाकर लोगों को तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान के तहत दिसंबर माह तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही गांवों, स्कूलों और कॉलेजों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत गांवों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। पंचायत सचिव द्वारा लाइसेंस जारी किए जा सकेंगे। बिना लाइसेंस कोई भी व्यक्ति तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं कर सकेगा। वहीं, प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी।डॉ. शर्मा ने कहा कि नियमों के अनुसार स्कूलों और कॉलेजों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जाएगा।
युवाओं को निशाना बना रही तंबाकू कंपनियां
सीएमओ ने कहा कि तंबाकू कंपनियां विशेष रूप से युवाओं को अपना ग्राहक बनाने का प्रयास करती हैं। ऐसे में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्होंने सभी से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिगरेट, बीड़ी, हुक्का और अन्य तंबाकू उत्पादों से दूर रखने के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।
