नूरपुर, संजीव-:पुलिस जिला नूरपुर ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 32.57 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी मामले में अमृतसर (पंजाब) से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार पुत्र दर्शन कुमार निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस इस गिरफ्तारी को नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में अहम सफलता मान रही है।
मामले के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को CIA विंग नूरपुर की टीम कंडवाल क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नागनी माता मंदिर बस स्टॉप के पास दो युवक चिट्टा बेचने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश देकर दोनों की तलाशी ली। इस दौरान राकेश ठाकुर (36), निवासी गांव खनोड़, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी, वर्तमान निवासी दाड़नू, धर्मशाला के बैग में रखी जींस की जेब से 32.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। उसके साथ मौजूद विकास (24), निवासी बरोल, धर्मशाला को भी गिरफ्तार किया गया था।इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में 15 अक्टूबर को अभियोग संख्या 260/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच के आधार पर 4 नवंबर को सुमित कुमार को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस चिट्टे के मूल सप्लायर, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और आगे की सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए जांच जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
