नालागढ़-:औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में हुए गोलीकांड के मामलों में गिरफ्तार गैंगस्टरों के गुर्गों पर जेल के भीतर से फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। किशनपुरा जेल में बंद दो आरोपियों के खिलाफ पंजाब के कीरतपुर साहिब निवासी व्यक्ति से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि रकम नहीं देने पर शिकायतकर्ता और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
रूपनगर जिले के गांव शाहपुर बेला निवासी नाजर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने जेल से फोन कर एक करोड़ रुपए की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार उससे फिरौती वसूल चुके हैं और जेल पहुंचने के बाद भी उनकी गतिविधियां जारी हैं।नाजर सिंह ने बताया कि नालागढ़ में हुए गोलीकांड में इस्तेमाल बाइक को वारदात में शामिल लोगों ने उसके घर पर खड़ा कर दिया था। उसे बाइक और उसके आपराधिक इस्तेमाल की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस कर्मचारियों के घर पहुंचने पर उसे इस मामले का पता चला।इस घटना ने किशनपुरा जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल के भीतर से फोन कर फिरौती मांगने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
