युवाओं का आईटीआई और डिप्लोमा पास होना जरूरी, सिर्फ पुरूष अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
14 से 17 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
मंडी/ धर्मवीर- जिला के नालागढ़ स्थित मैसर्स साइलक्सा इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मशीन ऑपरेटर, वेल्डर, फिटर और क्रॉफ्ट्समैन के 10 पदों को भरा जा रहा है। इसके लिए आने वाली 19 और 20 नवंबर को मंडी जिला के धर्मपुर और सुंदरनगर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। उम्मीदवार का संबंधित ट्रेड में आईटीआई या डिप्लोमा पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थी की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित उम्मीदवारों को कंपनी की ओर से प्रतिमाह 14 से 17 हजार रुपये का वेतन दिया जाएगा। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति नालागढ़ जिला सोलन में की जाएगी। चौहान ने बताया कि भर्ती के लिए अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, उनकी छायाप्रतियों, पासपोर्ट साइज फोटो और रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र के साथ निर्धारित तिथि और स्थान पर सुबह साढ़े 10 बजे पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। 19 नवंबर को विकास खंड धर्मपुर के खंड विकास अधिकारी कार्यालय में तथा 20 नवंबर को उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 अथवा कंपनी के मोबाइल नंबर 93500-11069 पर संपर्क किया जा सकता है।
