ऊना राकेश-:हिमाचल प्रदेश के ऊना में पेंशनरों का अपनी लंबित मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना प्रदर्शन मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे पेंशनरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द उनकी मांगों का समाधान करने की मांग उठाई। पेंशनरों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंगलवार शाम तक बातचीत के लिए सरकार की ओर से कोई संदेश नहीं आता है तो 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे पेंशनरों का कहना है कि वे सरकार से किसी तरह की आर्थिक सहायता या खैरात नहीं मांग रहे हैं, बल्कि अपने जायज अधिकारों की मांग कर रहे हैं। लंबे समय से उनकी मांगें लंबित पड़ी हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपने अधिकारों के लिए पहले भी संघर्ष किया है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।
इस दौरान पेंशनरों ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें प्रदर्शनकारियों को भाजपा से जुड़ा हुआ बताया गया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कुछ पेंशनर किसी राजनीतिक दल से जुड़े भी हैं, तो क्या अपने हकों की आवाज उठाने के लिए उन्हें दूसरे राज्यों में जाना चाहिए? पेंशनरों ने कहा कि उनकी मांगों को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।संघर्ष समिति ने दो टूक कहा कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर पेंशनर मरणव्रत पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे। पेंशनरों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाकर ही दम लेंगे।
