गुलशन धनोआ, देहरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंसी लाल गुर्जर ने देहरा पहुंचकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश का किसान आज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार केवल दावे करने में जुटी हुई है।
बंसी लाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश के किसान कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली से खुश नहीं हैं। कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और किसानों की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार की गंभीरता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल के किसानों ने अब कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।उन्होंने कहा कि किसान किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना प्रदेश के विकास के लिए उचित नहीं है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, बेहतर सुविधाएं और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रभावी नीतियां मिलनी चाहिए।भाजपा सांसद ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार किसानों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है।देहरा में उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में किसानों के मुद्दों को लेकर एक बार फिर सियासी चर्चा तेज होने के संकेत हैं।
