हिमाचल के हितों के लिए लड़ना तानाशाही है तो मुख्यमंत्री को मंजूर: सुमन भारती
राणा बताएं, सुजानपुर से भाजपा का टिकट पक्का है या नहीं; चार-पांच नेता जता रहे दावेदारी-:सुमन भारती
हमीरपुर, अरविंद। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता राजेंद्र राणा पर पलटवार करते हुए उनसे पूछा कि क्या इस बार सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से उनका भाजपा का टिकट पक्का है? उन्होंने कहा कि सुजानपुर से भाजपा के चार-पांच नेता टिकट के दावेदार हैं। भाजपा ने उन पुराने नेताओं को ही कोर कमेटी से बाहर कर दिया, जिन्होंने हिमाचल में पार्टी को खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में आने वाले समय में कुछ अन्य नेताओं को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुमन भारती ने कहा कि उन्हें कांग्रेस की चिंता छोड़कर अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। भाजपा में गुटबाजी खुलकर सामने आ चुकी है और पार्टी ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है।राजेंद्र राणा के बयान पर उन्होंने कहा कि यदि हिमाचल के हितों की लड़ाई लड़ने को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तानाशाही कहा जाता है तो ऐसी तानाशाही मुख्यमंत्री को भी मंजूर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हित मुख्यमंत्री के लिए सर्वोपरि हैं। पूर्व भाजपा सरकारों के कार्यकाल में हिमाचल के हितों को बेचने का काम हुआ। आपदा के समय भी जयराम ठाकुर जनता के साथ खड़े नहीं हुए, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए काम किया।सुमन भारती शर्मा ने बताया कि गुरुवार को शिमला में आयोजित संविधान रक्षा यात्रा में हमीरपुर जिले से 500 लोग भाग लेंगे।
