Shimla,Sanju- राजधानी शिमला में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार सुबह भट्टाकुफर की माठू कॉलोनी में एक पांच मंजिला इमारत ढह गई। गनीमत रही कि इमारत को बीती रात ही एहतियातन खाली करवा लिया गया था, जिससे किसी प्रकार की जानी नुकसान की खबर नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत के नीचे से गुजर रही फोरलेन सड़क परियोजना के कारण भूमि में बड़ी दरारें आ गई थीं। समय रहते भवन खाली करवाने के बाद आज सुबह यह इमारत जमींदोज हो गई। वहीं, आसपास स्थित तीन अन्य इमारतों पर भी खतरा मंडरा रहा है, जिससे लोग भय के माहौल में घर खाली करने पर मजबूर हैं।लोगों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण में लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोग नाराज और चिंतित हैं। प्रभावित लोग जल्द प्रशासन से ठोस कार्रवाई और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
