बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में ठंडी तेज हवाओं रिमझिम बारिश के बावजूद नवरात्र पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी है । पंजाब ,हिमाचल ,हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार और अन्य प्रदेशों से तीसरे नवरात्रि के दिन भी भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे।
आज मौसम काफी ठंडा हो चुका है, लेकिन ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार रहा । मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं को लंबी-लंबी लाइनों में माता जी के दर्शन के लिए भेजा गया,जहां पर श्रद्धालुओं ने माता जी की पूजा अर्चना की, वही पर प्राचीन हवन कुंड में आहुति भी डाली। मंदिर के सेक्टर मजिस्ट्रेट जगदीश शर्मा ने बताया कि मंदिर में मौसम ने करवट ली है । हालांकि ठंड का मौसम है, लेकिन फिर भी काफी संख्या में श्रद्धालु माता जी के दरबार में पहुंचे हैं । मंदिर न्यास श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कृत संकल्प है। जबकि पंजाब से आए श्रद्धालु ने बताया कि माता जी का दरबार में आज मौसम काफी सुहावना है । ठंडी तेज हवाएं चल रही है, लेकिन उसके बावजूद उन्हें बहुत बढ़िया तरीके से मां के दर्शन हुए पूजा अर्चना की ।
स्थानीय पुजारी नीलम शर्मा का कहना है कि माता के दरबार में सुबह से ही ठंडी तेज हवा चल रही है । रिमझिम बारिश के चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है , लेकिन श्रद्धालु काफी संख्या में नवरात्र पूजन के लिए पहुंच रहे हैं ।
