मंडी : धर्मवीर (TSN)- मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया, यहां तुगांधार पंचायत के मझाखल में एक घर में भीषण अग्निकांड के कारण लाखों रुपए की संपत्ति जल कर राख हो गई है। आग इतनी ज्यादा भयानक थी की चंद मिनटों में ढाई मंजिला स्लेट पोश मकान जलकर राख हो गया।जैसे ही गांव वालों ने घर से आग की लपटें और धुआं उठते हुए देखा। सभी आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग इतनी ज्यादा भीषण थी की पूरे घर में फैल गई। स्थानीय लोगों द्वारा फौरन फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। अग्निशमन विभाग भी सूचना मिलने के बाद फौरन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर पूरी तरह से राख के ढेर में बदल चुका था।
6 परिवारों का साझा मकान जलकर राख :
स्थानीय पंचायत प्रधान हेमराज ठाकुर के अनुसार ढाई मंजिला मकान कुल 6 परिवारों का साझा था। जिसमें ओम प्रकाश पुत्र मोहर सिंह,मुकेश कुमार पुत्र मोहर सिंह, शुक्री देवी पत्नी शूप्पी राम, धसोधा देवी पत्नी मोहर सिंह, पुरशोतम राम पुत्र शूप्पी राम और भूपेंद्र कुमार पुत्र पुरशोतम राम का संयुक्त मकान था। 18 कमरों और 4 रसोई घर वाला ये ढाई मंजिला घर आग की भेंट चढ़ पूरी तरह से राख हो गया है।
आग लगने के कारणों की हो रही जांच :
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो आग साथ लगते घरों में भी भड़क सकती थी। वहीं, अग्निकांड की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रधान, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गई है। मौके पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग किन कारणों से लगी इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस भी इस अग्निकांड की जांच में जुट गई है। वहीं उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है। प्रभावित परिवारों की प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता की जाएगी।
