चंबा,मंजूर पठान -:विश्व नशा निरोधक दिवस (एंटी चिट्टा दिवस) के अवसर पर चम्बा जिला मुख्यालय में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन की ओर से बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का पारंपरिक हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर स्वागत एवं सम्मान करने से हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि नशा आज समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों तथा परिवार के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के समापन पर बचत भवन से नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त भारत-स्वस्थ भारत” और अन्य जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ संदेश दिया।इस अवसर पर स्थानीय विधायक नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल, पुलिस अधीक्षक, वन अरण्यपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
