बिलासपुर, सुभाष -: जिला बिलासपुर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सदर पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 207 पेटी अवैध शराब बरामद कर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वाहन संख्या HP23E-3587 की तलाशी के दौरान 200 पेटी बीयर (करीब 1560 लीटर) और 7 पेटी अंग्रेजी शराब (63 लीटर) बरामद की गई। वाहन चला रहे सुनील कुमार (27 वर्ष), निवासी गांव सुमाड़ी, डाकघर लैहरी सरेल, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर, के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत थाना सदर बिलासपुर में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
