Shimla, 25 June-जिला सिरमौर के ददाहू शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला भाटगढ़ में पूर्व-प्राथमिक (प्री-प्राइमरी) कक्षाओं के संचालन की औपचारिक शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सहयोग से की गई। इस अवसर पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ खंड प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुनील शर्मा और पूर्व अध्यक्ष सुरेश तोमर भी मौजूद थे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश कुमार चौहान और एसएमसी अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि यह पहल पूरी तरह स्कूल प्रबंधन समिति और स्थानीय समुदाय की साझेदारी से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के नन्हें बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव देना है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सतीश शर्मा ने स्कूल टीम को इस नवाचार के लिए बधाई दी और कहा कि यह पहल बच्चों की शिक्षा यात्रा में एक सशक्त आधार प्रदान करेगी। खास बात यह रही कि प्री-प्राइमरी कक्षाओं के संचालन से पहले ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय संसाधनों और श्रमदान से सुरक्षा रैलिंग की व्यवस्था की गई, जो अन्य स्कूलों के लिए भी एक प्रेरणा बन सकती है।भाटगढ़ स्कूल की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा और सकारात्मक परिवर्तन की ओर संकेत करती है। यह प्रयास निश्चित रूप से अन्य शैक्षणिक संस्थानों को भी इसी राह पर चलने के लिए प्रेरित करेगा।
