Kullu,25 June– हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते पूरे राज्य में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भारी बारिश और फ्लैश फ्लड को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को कुल्लू जिले में तीन अलग-अलग स्थानों — गड़सा वैली, सैंज घाटी और सोलंग नाला में बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। हालांकि, इन घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन नालों में अचानक आई बाढ़ से स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन के विशेष सचिव डीसी राणा ने जानकारी दी कि हिमाचल में 19 जून से मानसून प्रवेश कर चुका है और मौसम विभाग पहले ही फ्लैश फ्लड को लेकर चेतावनी जारी कर चुका था। उन्होंने कहा कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
डीसी राणा ने आगे बताया कि इस मौसम में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को इनसे दूर रहना चाहिए।सरकार ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं और राज्यस्तरीय आपात संपर्क के लिए 1070 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को भी सक्रिय कर दिया गया है। समय-समय पर जारी हो रहे अलर्ट को विभिन्न माध्यमों से आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है ताकि कोई बड़ा नुकसान टाला जा सके.
