नूरपुर, संजीव- : रक्षाबंधन का पर्व इस बार भाई-बहन के स्नेह के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लेकर आया। ग्राम पंचायत कोट-पलाहड़ी में पौधों की सुरक्षा और देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अनूठी पहल की गई। ग्राम पंचायत कोट-पलाहड़ी और आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के तहत लगाए गए पौधों को रक्षाबंधन के दिन राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पौधों को राखी बांधी और उन्हें पेड़ बनने तक नियमित रूप से पानी देने, संरक्षण करने तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का वादा किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना रहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे की सुरक्षा और देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने कहा कि पौधा लगाना आसान है, लेकिन उसे सुरक्षित रखते हुए पेड़ का रूप देना वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। लोगों में पौधों की देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान कमलेश कुमारी, उपप्रधान कुलदीप सिंह ठाकुर, अखाड़े के कोच सुरजन सिंह सहित पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर पौधों को राखी बांधना प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करता है। कोट-पलाहड़ी से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।

