हमीरपुर, अरविंद-: पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं कांग्रेस नेता अनीता वर्मा ने हमीरपुर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता कर भाजपा पर तीखे निशाने साधे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से हिमाचल को योजनाओं के तहत अपेक्षित आर्थिक सहायता नहीं मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बेहतर प्रबंधन के जरिए प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बिगड़ने नहीं दिया है। उन्होंने दावा किया कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित नहीं हुए हैं।अनीता वर्मा ने हिमाचल के भाजपा सांसदों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली में प्रदेश की जनता और हिमाचल के हितों की आवाज मजबूती से उठानी चाहिए। उन्होंने पूछा कि केंद्र के समक्ष प्रदेश की आर्थिक जरूरतों और लंबित मांगों को प्रभावी ढंग से क्यों नहीं रखा जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने भाजपा की बयानबाजी पर पलटवार किया। वर्मा ने कहा कि देश के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का संबंध हिमाचल से होने के बावजूद प्रदेश के कई क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अपेक्षित केंद्रीय सहयोग क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने केंद्र से स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए हिमाचल को पर्याप्त मदद देने की मांग की।वंदे मातरम को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर अनीता वर्मा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे मुद्दों को हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के मोर्चे पर भी केंद्र सरकार के वादे पूरे नहीं हुए हैं। उनका आरोप है कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है।उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने लोगों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के हितों के लिए अधिक आर्थिक सहयोग की मांग उठाई।

