शिमला, संजू-: भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करेगी। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल को समर्पित रहेगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से होगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक एवं कार्यशाला में अभियान को व्यापक रूप देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित को समर्पित रही है। इसी भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा कार्यकर्ता एक माह तक विभिन्न जनसेवा गतिविधियां संचालित करेंगे।उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविरों से होगी। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ समेत सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रतीक के रूप में लाखों लोग 25 मिनट समाजसेवा के लिए समर्पित करेंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण, किसान हित, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली, सड़क, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए अवसरों पर विशेष जोर दिया गया है। सेवा को शासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी अभियान के तहत बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापक कार्यक्रम होंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय शिमला में मैराथन बैठक आयोजित कर अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।डॉ. बिंदल ने कहा कि ‘सेवा सर्वोपरि’ के संदेश के साथ भाजपा कार्यकर्ता घर-घर और जन-जन तक पहुंचेंगे। अभियान का उद्देश्य राजनीतिक गतिविधि से आगे बढ़कर समाज में सेवा और जिम्मेदारी की भावना को जनभागीदारी के रूप में मजबूत करना है।

