नालागढ़ : जगत सिंह – बीबीएन स्थित उद्योगों में अब महिलाओं का भी जमकर शोषण हो रहा है । ताजा मामला बरोटीवाला की एक निजी धागा फैक्ट्री का है,जहां पर एक महिला ने फैक्ट्री प्रबंधन पर मारपीट कर जबरन फैक्ट्री से बाहर निकालने के गंभीर आरोप जड़े हैं ।
पीड़ित महिला कमलेश ने कहा है कि वह 20 वर्षों से हिमाचल फाइबर नामक धागा फैक्ट्री में काम कर रही थी और उनके पति भी इसी कंपनी में काम करते थे लेकिन बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई और वह लगातार इसी कंपनी में काम कर रही थी । पीड़ित कमलेश ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड ने उनके साथ मारपीट की और मारपीट भी कंपनी के जीएम के सामने की गई थी । कंपनी प्रबंधन और सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मारपीट के बाद उसे जबरन कंपनी से बाहर निकाल दिया। अब वह बेरोजगारी की कगार पर आ चुकी है । पीड़िता ने आरोप लगाया कि उससे जबरन 12-12 घंटे काम करवाया जाता था और वेतन के नाम पर मात्र उसे 6000 रूपये ही दिए जाते थे । अब पीड़िता ने अब कंपनी प्रबंधन व आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा रही है और लेबर विभाग से भी रो -रोकर कंपनी प्रबंधन पर उचित कार्रवाई की गुहार लगा रही है।
इस बारे में जब हमने कंपनी मैनेजर ज्ञानचंद ठाकुर से बातचीत की तो उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि महिला के साथ किसी ने भी कोई मारपीट नहीं की है । पिछले 4 दिनों से महिला कंपनी भी नहीं आई है । यह महिला पार्ट टाइम नौकरी करती है सुबह और शाम के समय में ही। उन्होंने कहा कि फैक्टरी के कुछ लोगों को लेबर ऑफिस भेजा गया है, जहां पर बयान लिखवाए जा रहे हैं।
