मंडी : धर्मवीर – पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने प्रदेश में डॉक्टरों का एनपीए बंद करने का जो फैसला लिया है उसके बारे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पुनः विचार करना चाहिए। क्योंकि स्वास्थ्य क्षेत्र में सेवा अति महत्वपूर्ण है और हिमाचल के डॉक्टर लोगों को बेहतर सुविधाएं दे रहे हैं। यह बात उन्होंने मंडी में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहीं। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि डॉक्टरों को बुलाकर उनसे बातचीत करें और इस हड़ताल को जल्द से जल्द खत्म करने की कोशिश करें।
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर भी कसा तंज
वहीं इस मौके पर कौल सिंह ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर भी तंज कसा। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जमीनी स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है। जबकि भारतीय जनता पार्टी रेडियो व समाचार पत्रों में ही अपना प्रचार कर रहे हैं। इतना ही नहीं रेडियो व समाचार पत्रों माध्यम से ही भारतीय जनता पार्टी ने नेताओं की प्रचार में भी ड्यूटी लगा दी है। जबकि जमीनी हकीकत यह है कि कोई भी मंत्री प्रचार में नहीं जुटा है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में वे हिमाचल की चारों सीटें कांग्रेस की झोली में डालेंगे और केंद्र में कांग्रेस फिर सत्ता में वापसी करेगी।
आने वाले चुनावों में कांग्रेस पार्टी जीतेगी प्रदेश की चारों सीटें
इससे पूर्व कौल सिंह ठाकुर ने सदर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में भाग लिया। उन्होंने इस मौके पर कार्यकर्ताओं से आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए चुनावी टिप्स भी दिए। इस मौके पर सदर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी व सदर से कांग्रेस प्रत्याशी रही चंपा ठाकुर का केक काटकर जन्मदिन भी मनाया। इस मौके पर कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर ने कहा कि आज से सदर कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कांग्रेस कमेटी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
