भावना शर्मा,शिमला: प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 5 साल से 15 साल की आयु तक के छात्रों के आधार कार्ड अपडेट होने हैं। इन आधार कार्ड को अपडेट करने की प्रक्रिया बायोमैट्रिक अपडेट के आधार पर पूरी की जाएगी। इस प्रक्रिया को शिक्षण संस्थानों में ही पूरा किया जाएगा जिसके लिए आदेश शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षण संस्थानों और उप निदेशकों को जारी किए गए हैं। इसके लिए संस्थानों में आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
निदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. अमरजीत सिंह की ओर से सभी शिक्षण संस्थानों और उप-निदेशक उच्चतर शिक्षा को आदेश जारी किए गए हैं। जारी पत्र के अनुसार 5 वर्ष से 15 वर्ष के छात्रों के आधार अपडेशन 7 और 17 वर्ष पर निर्योग्य (डिसेबल) हो जाएंगे। वर्तमान में 5 वर्ष तक के 5.34 लाख और 15 वर्ष तक के 15.2 लाख विद्यार्थियों के आवश्यक आधार अपडेट लंबित हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को इसके लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करने ओर इस कार्य के लिए आवश्यक उपकरणों को स्थापित करने के लिए भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि सभी विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट पूर्ण किया जा सके।
समग्र शिक्षा नोडल एजेंसी के तौर पर करेगी काम
इस परियोजना को लागू करने के लिए हिमाचल प्रदेश समग्र शिक्षा नोडल एजेंसी के तौर पर कार्य करेगी। सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को पात्र विद्यार्थियों के आधार अपडेशन के लिए आयोजित होने वाले शिविरों में सुविधा प्रदान करने ओर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
