अनिल कुमार,किन्नौर: किन्नौर जिला में विधानसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है। अब जिला में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर विभिन्न संगठनों के प्रत्याशी लोगों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। किन्नौर जिला में कांग्रेस, भाजपा के अलावा आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी हुंकार भरी और कर्मचारियों के अहम मुद्दों को लेकर सामने आई है। पार्टी के जिला प्रवक्ता प्रभु कांत ने रिकोंग पिओ में मीडिया को जानकारी देते हुआ कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और भाजपा व कांग्रेस के नेता लोगों को लुभाने वाली बातें कर रहे है, जबकि यह दोनों संगठन प्रदेश में सरकारों मे रह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इन दोनों संगठनों ने अब तक कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन लागू नहीं की है। दोनों संगठनों के नेता केवल आम जनमानस व सरकारी कर्मचारियों को भ्रमित करने का काम करते रहे हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार यदि प्रदेश के अंदर बनती है तो निश्चित रूप से आम आदमी पार्टी की सरकार प्रदेश के अंदर सरकारी कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन लागू करेगी और शिक्षा स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी के अलावा दूसरे कार्यों को करने का काम करेगी। प्रभु कांत ने कहा कि किन्नौर जिला में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया है और अब जिला की जनता भी उन्हें समर्थन देगी तो जिला की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का काम करेंगे।
