संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार-प्रसार का दौर अब शुरू हो चुका है। सभी पार्टियां अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भर में प्रचार-प्रसार में जुड़ चुकी है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के चुनावी प्रचार प्रसार की कमान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा संभालेंगी। 31 अक्टूबर से 10 नवंबर तक प्रियंका गांधी वाड्रा एक के बाद एक रोड शो और रैलियां प्रदेश में करेंगी। 31 अक्टूबर को कुल्लू में रोड शो ओर मंडी में रैली, 3 नवंबर को नगरोटा में रोड शो ओर चंबा में रैली, 7 नवंबर को हमीरपुर में रोड शो ओर उना में रैली और 10 नवंबर को शिमला में रोड शो के साथ ही नाहन में प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए टिकट आवंटन के बाद पार्टी से बागी हुए नेताओं को भी मनाने के लिए पार्टी ने मशक्कत शुरू कर दी है। इसके लिए केंद्रीय टीम का गठन किया गया है, जो बागियों को मना कर वापस पार्टी में लाने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस नेता अनीश अहमद को कांग्रेस में बगावत खत्म करने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गई है। इसके अलावा हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला भी चुनाव तक हिमाचल में डटकर बागियों को मनाने के साथ कांग्रेस में उनकी वापसी की कोशिश करेंगे।
हिमाचल कांग्रेस प्रशासनिक महासचिव यशवंत छाजटा ने जानकारी देते हुए बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में बागियों की नाराजगी दूर करने के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए जा रहे हैं। यह ऑब्जर्वर बागियों से बातचीत कर पार्टी के सभी नेताओं को एक साथ लाने की कोशिश करेंगे। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला साधते हुए कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हार को लेकर डरे हुए हैं। यही वजह है कि जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश में डट कर नेताओं के साथ संवाद करने में जुटे हुए हैं।
