बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: घुमारवीं में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राकेश चोपड़ा ने कहा कि पूरे प्रदेश में पार्टी की जबरदस्त लहर है। प्रदेश की जनता दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की कार्यशैली से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि घुमारवीं में मौजूदा मंत्री की कार्यशैली भ्रष्टाचार से अछूती रही है। अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए मंत्री ने नियमों को ताक पर रखा ओर अब जब सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है तो धन बल के दम पर जनता को भ्रमित करने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि घुमारवीं की हर पंचायत और गांव में ग्रामीण आम आदमी पार्टी की नीतियों को दिल खोल कर समर्थन दे रहे हैं। लोगों ने आम आदमी पार्टी को सता में लाने का पूरी तरह से मन बना लिया है।
आप प्रत्याशी राकेश चोपड़ा ने कहा कि करोड़ों की लागत से बना सब्जीमंडी कांप्लेक्स जहां पर दर्जनों बेरोजगारों को रोजगार मुहैया होना था, उसे कौड़ियों के रैंट पर अपने भाजपा पदाधिकारी को देकर बेरोजगार युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। लचर स्वास्थ्य सुविधाओं का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। सड़कों की बदहाली किसी से छुपी नहीं है। सड़कों के नाम पर करोड़ों का लाभ अपने चहेते ठेकेदारों को देकर सरकार ने साफ कर दिया है कि वे आम आदमी के हितैषी नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव का पूरा मन बना चुकी है। घुमारवीं में आम आदमी पार्टी का झाड़ू भ्रष्टाचार और बेइमानी का सफाया कर स्वच्छ एवं पारदर्शी सरकार का गठन के लिए तैयार है।
