सजु चौधरी, शिमला: शराब घोटाले मामले में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी का विरोध तेज हो गया हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही राजनीतिक सियासत काफी गरमा गई हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से इस गिरफ्तारी का विरोध देशभर में जताया जा रहा हैं।
गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने सोमवार को देश भर में भाजपा मुख्यालय के बाहर धरने प्रदर्शन किए। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चक्कर स्थित भाजपा पार्टी मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और मनीष सिसोदिया को निर्दोष करार देते हुए केंद्र सरकार पर तानाशाही के आरोप लगाए।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार ईमानदार लोगों को तंग करने का काम कर रही हैं। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति लाई है और गरीब बच्चों के सपने पूरे करने के लिए सिसोदिया काम कर रहे हैं। देशभर में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता को बढ़ता देख केंद्र की मोदी सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके ईमानदार लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करवा रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के एमसीडी चुनाव में भी भाजपा की हार हुई है जिसकी बौखलाहट में आम आदमी पार्टी के नेताओं को तंग किया जा रहा हैं जिसे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इसी के विरोध में आज देश भर में पार्टी कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
