Mandi, Dharamveer-:मंडी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य विशाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय के अस्तित्व को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र को लगातार कम किया जा रहा है। पहले कांगड़ा और चंबा जिलों के कॉलेजों को विश्वविद्यालय से अलग किया गया और अब उसकी आय से जुड़े संसाधनों में कटौती की जा रही है।
ठाकुर के अनुसार, प्रदेश सरकार न केवल संसाधन घटा रही है, बल्कि विश्वविद्यालय को उचित बजट भी जारी नहीं कर रही, जिससे उसकी कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।उन्होंने कुछ छात्र संगठनों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो संगठन सरकार के समर्थन में नारे लगाते हैं, वे इस गंभीर मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि उन्हें छात्र हितों की बजाय अपने हित ज्यादा प्रिय हैं।3 दिसंबर को हुए लाठीचार्ज की घटना का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने पुलिस के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि उस दौरान लाठियां केवल ABVP कार्यकर्ताओं पर ही चलाई गई थीं। उन्होंने बताया कि पुलिस को दोषी कर्मियों पर कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
