Kangra, Sanjeev-:हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला की नूरपुर उपमंडल की गुरचाल पंचायत में लंबे समय से लंबित रेन शेल्टर और आरसीसी कलवर्ट के निर्माण को लेकर स्थानीय लोग अब उग्र होते दिख रहे हैं। गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य जगदीश चौहान ने लोक निर्माण विभाग को तीसरी बार अल्टीमेटम जारी करते हुए स्पष्ट कहा है कि यदि एक महीने के भीतर कार्य आरंभ नहीं किया गया, तो मामला सीधे लोक निर्माण मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
ग्रामीणों की ओर से 41 हस्ताक्षरों के साथ यह मांग कई महीनों पहले विभाग को भेजी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर 10 जुलाई 2025 को सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को SDM नूरपुर ने भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने 28 अगस्त 2025 को स्मरण पत्र भी भेजा, जिसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार याद दिलाने पर भी विभाग चुप बैठा है, जिससे उनके धैर्य की परीक्षा हो रही है।
इसी मुद्दे को लेकर आज ग्राम पंचायत गुरचाल के प्रधान खुशबंत चौहान ने अधीक्षण अभियंता नूरपुर मोहिंदर पाल धीमान से मुलाकात की, जहां उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।स्थानीय लोग अब विभाग से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। आने वाला समय बताएगा कि क्या विभाग उनकी वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है या फिर शिकायतों की यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
