अरविंदर सिंह,हमीरपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर ने हमीरपुर के टाऊन हॉल में मंगलवार को युवा तरुणाई संगम जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। सम्मेलन में नीमबस एकेडमी के निदेशक राजीव कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रोफेसर राजेश कुमार शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से जिला हमीरपुर में चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा करने के अलावा प्रस्ताव पारित किए गए। सम्मेलन के उपरांत टाउन हॉल से लेकर गांधी चौक तक शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें परिषद के कार्यकर्ताओं के अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
सम्मेलन के बारे में जानकारी देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के हमीरपुर जिला विभाग संयोजक क्षितिज ठाकुर ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 75 वर्ष के अमृत महोत्सव के उपलक्ष पर राष्ट्रीय प्रदेश व जिला स्तर पर सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिला के सम्मेलन के दौरान जिला हमीरपुर में नशे के दुष्प्रभाव व शिक्षा के स्तर पर प्रस्ताव पारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हित में काम करने वाला देश का सबसे बड़ा संगठन है और सम्मेलन के दौरान विभिन्न स्कूलों शिक्षा संस्थानों से आए छात्र छात्राओं को इसकी गतिविधियों से भी अवगत करवाया गया।
