अरविंदर सिंह, हमीरपुर: नादौन क्षेत्र की जोल सपर,रंगस पंचायतों में आंत्रशोथ फ़ैला हुआ हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता और पब्लिक हेल्थ विशेषज्ञ डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने भी इन क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को बीमारी से बचाव के लिए सुझाव दिए हैं। उन्होंने 2 दिन जिले के नादौन क्षेत्र की जोल सपर,रंगस पंचायतों का दौरा करने के बाद बीमारी के फैलने के कारण उनके हिसाब से दूषित जल का पीने के पानी के साथ मिलना बताया। इसके साथ ही उन्होंने बारिशों के बाद हमीरपुर की जनता को पीने के पानी को उबालकर या प्रॉपर फिल्टर करके ही पीने का सुझाव दिया।
पब्लिक हेल्थ विशेषज्ञ डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने कई मरीजों से बात भी की और उसके अलावा पेयजल योजना और उसके आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा किया। इस मौके पर पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि पेयजल योजना के आसपास अवैध खनन और अवैज्ञानिक तरीके से खनन हुआ हैं जिसमें 8-9 मीटर के बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और उनमें महीनों से दूषित पानी खड़ा हैं। ऐसे में बारिश होने से वह पानी खड्ड के पानी से मिलकर पेयजल योजना में मिलने की पूरी संभावना हैं।
उन्होंने कहा कि यह ना केवल यहां की बात हैं। यह पूरे हमीरपुर जिला में हो रहा हैं और गर्मियों के दिनों में तो जिला की जनता को पानी की भारी किल्लत हर वर्ष पिछले तीन-चार सालों से हो रही हैं। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री को इस बारे में अवगत करवाया जाएगा और उन्होंने आईपीएच प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और माइनिंग अधिकारियों से भी अपील की कि वह भी ऐसी पेयजल योजनाओं का समय-समय पर दौरा करें ना कि तब दौड़े जब कोई बीमारी फैल जाती हैं।
इस मौके पर उनके साथ ग्राम पंचायत प्रधान राजीव अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। वहीं ग्राम वासियों ने भी बताया कि प्रशासन से बार-बार गुजारिश करने के बाद भी यहां पर कोई भी कड़ी कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही हैं।
