बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- जिला बिलासपुर में एसीसी फैक्ट्री के अचानक अनिश्चित काल तक बंद होने के आदेश जारी होते ही खलबली मच गई है। सैकड़ों कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर खतरा मंडराना शुरू हो गया है। वही ट्रांसपोर्टर्स भी चिंता में पड़ गए हैं। इस विषय को लेकर वीरवार को एसीसी प्रबंधन और बिलासपुर जिला प्रशासन की एक बैठक जिला मुख्यालय पर हुई। काफी देर तक चली बैठक में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं हो पाया। इस बारे में एसीसी प्रबंधन भी कुछ कहने से कतरा रहा है।
ACC प्रबंधन ने बात करने से की इनकार
बैठक के बाद जब बिलासपुर में मीडिया कर्मियों ने एसीसी प्रबंधन से इस विषय को लेकर बात करनी चाहिए, तो उन्होंने इस विषय पर बात करने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वह अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। हालांकि, उनका यह भी स्पष्ट किया कि प्रबंधन से आए निर्देशों के अनुसार उन्होंने एसीसी का काम बंद किया है। जो कि आगामी आदेश तक जारी रहेगा। वहीं, बिलासपुर जिला में इस विषय को लेकर स्थानीय नेता सवाल उठा रहे हैं।
एक महीने में बढ़े सीमेंट के इतने दाम
बता दे कि हिमाचल प्रदेश में सीमेंट के बैग में पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है। राज्य में एक महीने में 15 से 20 रुपये प्रति बैग सीमेंट के दाम बढ़े हैं। एसीसी सुरक्षा सीमेंट के दाम 445 रुपये प्रति बैग हो गए हैं, जबकि एसीसी गोल्ड 485 रुपये और अंबुजा सीमेंट 445 रुपये प्रति बैग हो गया है।
