हमीरपुर ,अरविंद -:हमीरपुर में नगर निगम की प्रस्तावित विकासात्मक परियोजनाओं को गति देने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित एक अहम बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लंबित औपचारिकताओं की समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य फोकस पुराने अंतर्राज्यीय बस अड्डे को नए निर्माणाधीन बस स्टैंड में स्थानांतरित करने और मौजूदा स्थान पर सिटी सेंटर विकसित करने की प्रक्रिया को तेज करना रहा।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि उपायुक्त ने नगर निगम, एचआरटीसी और राजस्व विभाग के अधिकारियों को बस अड्डे की भूमि से संबंधित गिफ्ट डीड की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बस अड्डे में स्थित डीजल पंप को हटाने में समय लग सकता है, इसलिए एचआरटीसी और लोक निर्माण विभाग को इस दिशा में तुरंत आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।इसके अलावा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग को निर्देश दिए गए कि नगर निगम में शामिल की गई ग्राम पंचायतों की संपत्तियों का हस्तांतरण शीघ्र किया जाए। नगर निगम अधिकारियों को ट्राला यूनियन के लिए भूमि आवंटन से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने पशुपालन विभाग को नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर कुत्तों के टीकाकरण और नसबंदी अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही, आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए निगम कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों, ताकि शहर के विकास कार्यों को बिना देरी के आगे बढ़ाया जा सके।
TAGGED:
Hamirpur municipal corporation
Chandrika
