सोलन/योगेश शर्मा: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। जगह-जगह अधिकारियों के द्वारा छापेमारी की जा रही है। किसी भी तरह की कोई मिलावट मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग द्वारा अपनी विभिन्न टीमों को जिला में सक्रिय कर दिया गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले खाद्य पदार्थों पर पैनी नज़र रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अरुण चौहान ने बताया कि जिला सोलन की जनता के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। वही अगर कोई व्यवसायी मिलावट करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अरुण चौहान ने बताया कि उनका विभाग जिला के विभिन्न क्षेत्रों से सैम्पल एकत्र कर रहा है। अभी तक उनके द्वारा 32 सैम्पल बाज़ार से लिए जा चुके है। वहीँ बद्दी और सोलन में दो टीमों का गठन प्रारंभिक तौर पर किया गया है। जो बाज़ार से सैम्पल एकत्र करेगी। उन्होंने बताया कि दूध से बने उत्पादों पर उनकी विशेष नज़र रहेगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि उपभोक्ता खुद जागरूक रहें और अधिक रंगदार मिठाइयां न खरीदें और साथ ही वह मिठाईया खरीदें जिन पर मैनुफेक्चरिंग डेट लिखी हो और कब तक उसका सेवन किया जा सकता हो यह भी लिखा हो।
