सचिन शर्मा, मनाली:कुल्लू मनाली हिमाचल का एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहां वर्ष भर पर्यटकों का आना लगा रहता है। कुल्लू मनाली घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन कुल्लू मनाली किसी फरिश्ते से कम नहीं है। अब तक मनाली सहित प्रदेश अन्य ऊंची बर्फीली पहाडियों से एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पर्वतारोही सदस्यों के ने कई ट्रैकरों को सुरक्षित रेस्कयू किया है। सोमवार को मनाली एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने मनाली एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर के माध्यम से अपने जांबाज पर्वतारोहियों को सम्मानित किया।
एसोसिएशन के यह सदस्य अपनी जान जोखिम में डाल कर कई पर्वतारोहियों की जिंदगियां बचाते हैं। एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने इन पर्वतारोहियों को मनाली में प्रशस्ति पत्र देकर समानित किया। उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों को नेक कार्य करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने को एसोसिएशन की टीम 24 घंटे तैयार रहती है। एटीओए की टीम ने जान जोखिम में डालकर पर्वतारोहियों की जान बचाई है और दुर्घटना का शिकार हुए पर्वतारोहियों के शव को रेस्क्यू किया है।
उन्होंने कहा कि मनाली प्रशासन को एसोसिएशन पर नाज है। एसोसिएशन की मदद से प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन में हमेशा सफल रहा है। वहीं एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन कुल्लू मनाली के सचिव प्रवीण सूद (पिंटू) ने कहा कि जिला भर से अनुभवी पर्वतारोही एसोसिएशन में शामिल हैं। रेस्क्यू टीम एक कॉल पर घटनास्थल के लिए निकल पड़ती है। उन्होंने कहा कि जांबाज पर्वतारोहियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए आज सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि अब तक पचास से अधिक लोगों को उनके पर्वतारोहियों की ओर से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
